Bihar News: मां ने अपने दो मासूम बच्चों को तालाब में फेंककर मार डाला… पति से झगड़े के बाद उठाया खौफनाक कदम, घर-गृहस्थी में लगा दी आग

Vardhan India

संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। Bihar News पति से झगड़े के बाद एक महिला ने क्रोध में आकर शनिवार दिन में अपने दो मासूम बच्चों को तालाब में फेंककर मार डाला। इससे पूर्व उसने अपना सामान व कपड़े जला दिए थे। घटना के बाद आरोपित महिला फरार हो गई है, जबकि पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त किया है।

यह दिल दहला देने वाली घटना रौता पंचायत की है। चरवाहे ने पोखर में बच्चों के शव देखकर घटना की सूचना पुलिस को दी थी। मृत बच्चों की पहचान रौता वार्ड संख्या 11 निवासी राकेश कुमार यादव की पुत्री कृति कुमारी (3) व पुत्र हिमांशु कुमार (1) के रूप में हुई है।

सुनील यादव के पुत्र राकेश कुमार यादव की शादी मुरलीगंज थाना क्षेत्र की पोखराम निवासी आशा देवी (22) के साथ चार वर्ष हुई थी। पिछले छह महीने से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इस कारण राकेश पंजाब चले गए।

शुक्रवार की रात दोनों के बीच मोबाइल फोन पर ही झगड़ा हो गया। शनिवार सुबह महिला के ससुर सुनील यादव पाट निकालने बहियार चले गए। इसके बाद महिला घर से निकली और दोनों बच्चों को लेकर बैंक के पास बैठ गई।

थोड़ी देर बाद पोखर में दोनों बच्चों को फेंककर वह फरार हो गई। शव देखने के बाद लोगों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष पंकज कुमार को दी। इधर, घटना से अनभिज्ञ सुनील यादव जब बहियार से लौटे तो घर बंद पाया।

इसके बाद पड़ोसियों से पूछताछ कर जब वह बहियार की ओर गए तो उन्हें घटना का पता चला। दूसरी ओर, घर की जांच में पता चला कि आशा देवी जाने के पूर्व अपने कपड़ों व अन्य सामान को जला चुकी थी। महिला का मोबाइल फोन घर से ही बरामद किया गया।

Share This Article
Leave a Comment